हैली बीबर ने सिंगर सेलेना गोमेज को बताया कि उनके फैंस उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और बहुत नफरत भरे कॉमेंट कर रहे हैं। ये जानने के बाद सेलेना ने सोशल मीडिया पर हैली के सपोर्ट में एक पोस्ट शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है।
हॉलीवुड की फेमस सिंगर सेलेना गोमेज और उनकी लव स्टोरी से तो हर कोई वाकिफ है। एक वक्त था, जब उन्होंने जस्टिन बीबर को डेट किया था। दोनों की जोड़ी को पूरी दुनिया पसंद करती थी, लेकिन इन्हें लोगों की नजर भी लग गई। इन्होंने कई बार अपना रिश्ता संभालने की कोशिश की, लेकिन आखिरकार वे अलग हो गए। जस्टिन ने हैली बीबर से शादी कर ली, लेकिन तब से लेकर आज तक फैंस, हैली को कोसने से पीछे नहीं हटते हैं। उनके लिए नफरत इस कदर बढ़ गई है कि अब उन्हें जाने से मारने की धमकी तक मिलने लगी है। इसको लेकर हैली ने सेलेना से बात की, जिसके बाद अब सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है।
सेलेना गोमेज ने फैंस से की रिक्वेस्ट
सेलेना गोमेज (Selena Gomez Post) ने शुक्रवार (24 मार्च) को मॉडल हैली बीबर के सपोर्ट में एक पोस्ट शेयर किया, जो उनके एक्स बॉयफ्रेंड जस्टिन बीबर की वाइफ हैं। अमेरिकी सिंगर और एक्ट्रेस ने अपने फैंस से उनके कथित चल रहे झगड़े के बीच मॉडल से नफरत करने से रोकने की रिक्वेस्ट की है।
सेलेना ने पोस्ट में लिखी ये बात
सेलेना गोमेज ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘हैली बीबर मेरे पास पहुंची और मुझे बताया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां और ऐसी नफरत भरी निगेटिविटी मिल रही है। ये वो नहीं है, जिसके लिए मैं खड़ी हूं। किसी को भी नफरत या धमकी का एक्सपीरियंस नहीं होना चाहिए। मैंने हमेशा दयालुता की वकालत की है और वास्तव में यह सब रोकना चाहती हूं।’
2010 से 2018 तक जस्टिन संग थीं सेलेना
जस्टिन बीबर ने साल 2018 में हैली बीबर से शादी की थी। वहीं सेलेना की बात करें तो बताया जाता है कि उन्होंने 2008-09 में निक जोनस को डेट किया था, जोकि अब प्रियंका चोपड़ा के पति हैं। इसके बाद 2010 से 2018 तक वो जस्टिन संग ऑन-ऑफ रिलेशनशिप में रहीं। बीच में 2015 में DJ Zedd को डेट किया। 2017 में the Weeknd के साथ उनका नाम जुड़ा। वो अपनी बीमारी का भी खुलासा कर चुकी हैं। वो मानसिक बीमारी बाइपोलर से जूझ रही थीं।